चोरी के लैपटाप के साथ पकडे गए चोर।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। तरकुलवा पुलिस ने 23 लैपटॉप के साथ छह चोरों को गिरफ्तार किया हैं। इनके एक और साथी की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस लाइंस में घटना का पर्दाफाश करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर ने यह जानकारी दी।
बताया कि तरकुलवा एसओ शशांक शेखर राय को लैपटॉप चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए लगाया गया था। शनिवार की दोपहर पुलिस टीम कंचनपुर चौराहे पर तीन लोगों को रोक कर चेकिंग की। उनके पास से छह लैपटॉप बरामद हुआ। लैपटॉप के बारे में पूछने पर इधर-उधर की बात करने लगे। कड़ाई से पूछने पर लैपटॉप चोरी का होने की बात बताई। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 17 और लैपटॉप बरामद किया। साथ ही चोरी में शामिल तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। एएसपी ने बताया कि अभिनव कुमार राव निवासी गौरकोठी रामपुर कारखाना, शाहबाज अंसारी निवासी गुद्दीजोर, गुड्डू उर्फ अरविंद जायसवाल निवासी रामपुर अवस्थी तरकुलवा, राजेश जायसवाल निवासी रामगुलाम टोला सदर कोतवाली, बसंत जायसवाल निवासी विशुनपुरा बाजार बघौचघाट और राजेश पासवान निवासी मठिया गोपालगंज की इस मामले में गिरफ्तारी हुई है। रामगुलाम टोला के पप्पू जायसवाल की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में स्वाट टीम के प्रभारी अनिल यादव समेत तमाम पुलिसकर्मी शामिल रहे।