रामपुर कारखाना। छत लगाने के विवाद में मनबढ़ों ने एक ही परिवार के चार लोगों की जमकर पिटाई कर दी। एंबुलेंस ने चारों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन अस्पताल कर्मियों ने पुलिस केस बता कर इलाज से ही मना कर दिया। शाम को चारों घायल थाने पहुंचे और मामले की तहरीर दी। महुआडीह चौकी क्षेत्र के महवा गांव निवासी राम इकबाल और सूर्यनाथ के बीच जमीनी विवाद है। समझौते के बाद सूर्यनाथ ने अपने मकान का छत लगवा लिया। शनिवार को राम इकबाल अपने मकान का छत लगवा रहा था। इसी दौरान बगल के आधा दर्जन लोग लाठी-डंडे और राड़ के साथ पहुंचे और राम इकबाल की पिटाई शुरू कर दी। उनको बचाने गई पत्नी सावित्री देवी, बेटा कृष्णा और बेटी किरन को जमकर पीटा। पिटाई के चलते सावित्री, किरन और राम इकबाल का सर फट गया। ग्रामीणों ने एंबुलेंस और 100 नंबर को सूचना दी। मौके पर एंबुलेंस पहले पहुंच गया और घायलों को सदर अस्पताल पर ले आया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल कर्मचारियों ने पुलिस केस बता कर इलाज से मना कर दिया, जबकि घायल तड़पते रहे। थक हार कर परिजन चारों घायलों को थाने लेकर आए और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल और इलाज के लिए पीएचसी पर भेजवाया। थानेदार डीपी सिंह ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
----
किशोरी के अपहरण मामले में आठ पर केस
रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग किशोरी के अपहरण करने के मामले में पुलिस ने 20 दिन बाद कार्रवाई की है। किशोरी के पिता ने थाने पर दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि बरहज थाना क्षेत्र के पाली गांव निवासी जीतू का गांव में आना-जाना रहता है। उसकी रिश्तेदारी गांव में है। दो जुलाई को वह उसकी नाबालिग पुत्री को बहला फुसला कर भगा ले गया। पुलिस ने जीतू समेत आठ के खिलाफ अपहरण का मुकदमा पंजीकृत किया है।