देवरिया। युवक के अपहरण और उसकी 10 करोड़ की जमीन का बैनामा कराने के मामले में पुलिस जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव उर्फ बबलू की मां मेवाती देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जबरन कराए गए पांच बैनामों में एक बैनामा मेवाती देवी के भी नाम हुआ है। फरार जिला पंचायत अध्यक्ष की तलाश में कई जगह छापे मारे गए। शहर के बाहर भी एक टीम उसकी खोज में गई है। इस मामले में बबलू के भाई समेत चार लोगों को पुलिस बुधवार को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी रोहन पी कनय ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष की मां से महिला पुलिस की मौजूदगी में पूछताछ की जा रही है। अध्यक्ष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें बनायी गई हैं। कई जगह छापे डाले गए हैं। खुफिया को भी सक्रिय किया गया है। जल्दी ही अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
देवरिया खास मोहल्ले के रहने वाली दीपक मणि उर्फ पीयूष मणि का 20 मार्च को अपहरण हुआ था। छत्तीसगढ़ में रहने वाली उसकी बहन डॉ. शालिनी ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और डीजीपी से मामले की शिकायत की थी। उच्चाधिकारियों के दबाव के बाद हरकत में आई जिला पुलिस ने युवक की बरामदगी के लिए दो मई की रात को अमेठी माता मंदिर के पास पूर्व सांसद और सपा के राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर विद्यार्थी के कटरा में छापा मार कर अपहृत दीपक को छुड़ाया। यहां से जिला पंचायत अध्यक्ष के भाई अमित कुमार यादव उर्फ मंटू समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया खा। पुलिस के अनुसार इस मामले में नामजद जिला पंचायत अध्यक्ष फरार है।