पुलिस ऑफिस में अपने जख्म दिखाता अमित शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। चोरी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों की बघौचघाट पुलिस ने निर्ममता से पिटाई की। उन्हें करंट लगाने का भी आरोप है। दोनों के बेहोश होने पर परिवारवालों को बुलाकर सौंप दिया गया। बुधवार को पीड़ितों ने एसपी से मिलकर शिकायत की। साथ ही पीठ में लगा जख्म भी दिखाया।
एसपी ने इस मामले की जांच सीओ सिटी को जांच सौंपी है। बघौचघाट निवासी गुलाब और सुनील ने बुधवार को एसपी से की शिकायत में कहा कि 13 अप्रैल को थाने के सिपाही ऋषिमुनि, फिरोज और होमगार्ड सतीश पांडेय दरवाजे पर आकर गाली देने लगे। दोनों के बेटे क्रमश: अमित शर्मा और नत्थू शर्मा ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो पुलिस वाले उन्हें थाने उठा ले गए। पीड़ितों ने बताया कि जब एसओ से बात की गई तो उन्होंने कहा कि दोनों ने चोरी की है। उन्हें छोड़ने के एवज में 25 हजार रुपये की मांग की गई। असमर्थता जताने पर थाने से भगा दिया गया।
अमित और नत्थू को चार दिन थाने में रखकर करंट लगाकर यातना दी गई। बेरहमी से पिटाई की गई। मंगलवार की शाम 10 हजार रुपये लेकर पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। इस बाबत जब बघौचघाट के इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों युवकों ने गैस सिलिंडर की चोरी की थी। पिटाई और शॉक लगाने के आरोप बेबुनियाद हैं। उधर, एसपी किरीट राठोड ने कहा शिकायत मिली है। जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।