देवरिया। रामपुर बुजुर्ग में डीएम सुजीत कुमार के निर्देश पर एसडीएम और ड्रग इंस्पेक्टर के नेतृत्व में बगैर लाइसेंस चल रही दवा की दुकान पर छापामारी की गई। दुकान में 1.50 लाख की दवाएं मिलीं और दो दवाओं का नमूना भी लिया गया। पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से इलाके के दवा विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।
बिहार, सिवान जिले के मैरवा थानाक्षेत्र के परसिया बुजुर्ग गांव निवासी शाबिर अंसारी बनकटा थानाक्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग बाजार में दवा की दुकान बिना लाइसेंस लिए चलाता था। दोपहर में भाटपाररानी के एसडीएम संजय कुमार, गोरखपुर के सहायक आयुक्त औषधि एससी चौरसिया, कुशीनगर के औषधि निरीक्षक अशोक कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर बृजेश यादव बुधवार की दोपहर बनकटा व भाटपाररानी पुलिस के साथ दवा की दुकान पर पहुंचे। जांच में दुकान से 1.50 लाख की दवा मिली और दवा बिक्री का लाइसेंस नहीं था। टीम ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर दुकान को सील कर दिया। इसकी खबर मिलते ही भाटपाररानी व बनकटा इलाके बिना लाइसेंस दवा बेचने वाले दुकानदारों में खलबली मची रही। ड्रग इंस्पेक्टर बृजेश यादव ने दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। इस बाबत बनकटा एसओ अजय ओझा ने बताया कि दुकानदार पर केस दर्ज कर लिया गया है।