गृहकलह से क्षुब्ध युवक ने फंदे से लटककर दी जान
गौरी बाजार। थाना क्षेत्र के बर्दगोनियां गांव में गृह कलह से क्षुब्ध युवक ने मंगलवार देर शाम फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बर्दगोनियां गांव के स्कूल टोला निवासी जितेंद्र निषाद (35) अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। करीब एक साल से वह घर पर रहकर खेती-बारी कर रहा था। उसकी शादी रुद्रपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में संध्या देवी से हुई थी। संध्या देवी से उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार, आए दिन पति-पत्नी के बीच कलह होता रहता था। जितेंद्र निषाद की आदतों से नाराज होकर कुछ दिनों पूर्व संध्या देवी मायके चली गई थीं। इससे जितेंद्र परेशान रहता था। मंगलवार शाम साड़ी के सहारे मकान की छत से फंदा लगा लिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। तलाश कर रहे परिजन बंद कमरे में छत के सहारे लटक रहे जितेंद्र के शव को देखकर अवाक रह गए। घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने इसकी सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फंदे से लटका शव उतरवाया। घटना के बाद मां परमी देवी, पत्नी संध्या देवी मासूम बच्चों सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।