संवाद न्यूज एजेंसी भाटपार रानी। तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को एक भाजपा नेता और हल्का लेखपाल के बीच पैमाइश के लिए विवाद हो गया। भाजपा नेता ने एसडीएम को लिखित शिकायती पत्र देकर लेखपाल पर मारने-पीटने की धमकी देने और अपशब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम छतरपुरा में ओमप्रकाश गोड़ और नंदलाल गोंड़ के बीच भूमि विवाद के दौरान लेखपाल अमित यादव ने एसडीएम के आदेश पर मौके पर पैमाइश थी। बताया जा रहा है कि भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल ने तहसील पहुंचकर एक पक्ष की तरफ से लेखपाल पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए बुरा भला कहने लगे।
एसडीएम को दिए लिखित शिकायती पत्र में भाजपा नेता ने लेखपाल अमित यादव पर आरोप लगाया है कि उसने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए डंडा लेकर मारने की धमकी दी। वहीं लेखपाल अमित यादव ने आरोप का बेबुनियाद बताया है।
खबर सुनकर वरिष्ठ भाजपा नेता भी पहुंच गए और एसडीएम पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग करने लगे। एसडीएम ने लेखपाल अमित यादव को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई। एसडीएम रत्नेश तिवारी ने बताया है कि दोनों पक्षों के बीच मामले को सुलह-समझौता कर दिया गया है।