देवरिया/भटनी। अहिल्यापुर रेलवे स्टेशन के पास कार्य के चलते बृहस्पतिवार को ब्लॉक स्थगित रहा, लेकिन कोहरे और मौसम खराब होने के चलते देवरिया सदर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। इससे इंतजार कर रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ी रही। इसके पूर्व सोमवार व बुधवार को तीन-तीन घंटे का ब्लॉक लिया गया था। इस दौरान पटरियां बदलने व मरम्मत का कार्य चला। अब यह कार्य पुनः शनिवार को होगा।
कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार रोक दी है। इसका असर ट्रेनों के परिचालन पर स्पष्ट रूप से नजर आने लगा है। दिल्ली, मुंबई, गुजरात और पंजाब से आने वाली ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही है। ट्रेनों के लेटलतीफी से रेलयात्री परेशान हैं। उन्हें ठंड में घंटों रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
बृहस्पतिवार को अवध असम एक्सप्रेस पांच घंटे विलंब से देवरिया व भटनी रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। इसके अलावा अन्य ट्रेनें भी लेटलतीफ रहीं। लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस पांच घंटे, अमृतसर -सहरसा गरीब रथ चार घंटे, नई दिल्ली -दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस चार घंटे, नई दिल्ली बरौनी क्लोन एक्सप्रेस तीन घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस दो घंटे, दरभंगा- नई दिल्ली एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, मुंबई -गोरखपुर काशी एक्सप्रेस दो घंटे, मुंबई सेंट्रल -गोरखपुर एक्सप्रेस तीन घंटे, हावड़ा -काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस तीन घंटे, संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, झूसी-गोरखपुर कुंभ मेला एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से देवरिया व भटनी रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
यात्रियों को बार-बार रेलवे स्टेशन के पूछताछ कक्ष में जाकर संबंधित ट्रेनों के बारे में पूछताछ करते हुए देखा गया। सर्द हवाओं और गलन से यात्री ठिठुरते नजर आए। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण कुछ ट्रेनें विलंबित हो रही हैं।