भदिला दोयम से पलियां गई थी बरात
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के कपरवार स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप रामजानकी मार्ग पर शनिवार की भोर में हुए सड़क हादसे में भदिला दोयम के युवक की मौत हो गई। वह चचेरे भाई की शादी से बाइक से वापस घर आ रहे थे।
भदिला दोयम गांव निवासी प्रेम प्रसाद के पुत्र सूरज की बरात शुक्रवार को पलियां गई थी। लोगों के अनुसार, पिंटू कुमार (23) पुत्र हरेराम भोर में करीब तीन बजे अकेले बाइक से घर के लिए निकल पड़े। वह कपरवार रामजानकी मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय के निकट पहुंचे थे। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे तेज और अनियंत्रित वाहन ने टक्कर मार दी। गाड़ियों की टक्कर से हुई आवाज सुनकर अगल-बगल के घरों के लोग बाहर निकल आए। भीड़ जुटते देखकर चालक अपनी गाड़ी लेकर भाग निकला। पीछे से बरात से वापस आ रहे कुछ लोगाें ने मृतक की पहचान की।
इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह और चौकी इंचार्ज महेंद्र मोहन मिश्र सहकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है।