दीपावली और छठ का पर्व मनाने के लिए मुंबई से शनिवार की दोपहर में परिवार के साथ घर लौट रही एक किशोरी का पिट्ठू बैग सड़क पार करते समय हेतिमपुर नेशनल हाईवे पर ट्रक में फंस गया। इससे किशोरी ट्रक की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महुआडीह थानाक्षेत्र के मुंडेरा चंद गांव के रहने वाले रामायण चौरसिया मुंबई में परिवार के साथ रहते हैं। वहीं प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह अपनी पत्नी चंदा देवी तीन बेटियों और इकलौते बेटे के साथ गांव पर दीपावली और छठ त्योहार मनाने के लिए घर आ रहे थे। शनिवार की शाम को बस से हेतिमपुर नेशनल हाईवे पर देवरिया मोड़ पर उतरे।
सड़क पार करने के लिए दूसरी लेन पर जाने के लिए क्रासिंग दूर होने की चलते सामने टूटे डिवाइडर को पार करने लगे। पिता रामायन, माता चंदा देवी दो बड़ी बेटियां व इकलौता बेटा सुमित सब पार हो गए। मगर इसी बीच उनकी छोटी बेटी संजना 14 वर्ष हाटा से कसया की तरफ से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। उसका पीठ पर लदा बैग ट्रक में फंस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पल भर में हंसी-खुशी का माहौल गम में बदला
अपनी आंखों के सामने पूरा परिवार संजना को तड़प कर मरते देखकर बदहवास हो गया। उन्हें क्या पता कि हंसी-खुशी से छठ त्योहार गांव व परिवार के साथ मनाने का उनका सपना ऐसे बिखर जाएगा। मुंबई से उतनी दूरी पूरी कर गांव से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर संजना मौत के मुंह में समा जाएगी। इस संबंध में एसओ कवींद्र नाथ सिंह ने बताया कि हादसे में संजना की मौत हो गई है। ट्रक और चालक को कुशीनगर चौकी पर पुलिस ने पकड़ लिया है।