अजय मिश्र हत्याकांड का एक आरोपी गिरफ्तार
भूमि बैनामा की रकम के लेनदेन में हुई थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के अहिल्यापुर बुजुर्ग गांव निवासी अजय मिश्र की हत्या भूमि बैनामा की रकम को लेकर हुई थी। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने खुलासा किया है। रविवार को मामले में नामजद आरोपी प्रद्मुम्न पाण्डेय निवासी पिपरा चंद्रभान को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
अहिल्यापुर बुजुर्ग गांव निवासी अजय मिश्रा (32) पुत्र स्वर्गीय उमेश मिश्रा का शव छह जनवरी की सुबह सदर कोतवाली के पिपरा चंद्रभान गांव में मिला था। उनके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। इस मामले में अजय के चाचा रमेश मिश्र की तहरीर पर पांच नामजद और तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी थी। तहरीर में चाचा ने आरोप लगाया था कि एक भूमि बैनामे की रकम को लेकर हत्या की गई है। दस दिनों से जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस ने घटना के नामजद आरोपी प्रद्मुम्न पाण्डेय निवासी पिपरा चंद्रभान को गिरफ्तार कर लिया । रविवार को पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां न्यायालय ने चौदह दिन के लिए न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया। इस संबंध में एसओ आशुतोष कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के पीछे भूमि बैनामा करने की बात सामने आ रही है। सभी आरोपियों के पकड़े जाने के बाद राज का पर्दाफाश हो पाएगा।
चार जनवरी का है अजय का ऑडियो
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल की जांच की गई, जिसमें सुरक्षा की गुहार लगाने का जो ऑडियो वायरल हुआ था, वह चार जनवरी का है। मठिया चौराहे के पास से अजय ने किसी से बात करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी। जांच में मोबाइल का टॉवर राउतपार गांव का बता रहा है। पांच जनवरी की सुबह से दोपहर तक अजय मठिया चौराहे पर ही रहा है, इसी दौरान कोई बाइक सवार व्यक्ति आया, जिसके साथ वह निकला, शक है कि उसी रात में उसकी हत्या करने के बाद दूसरे दिन शव सदर कोतवाली पिपरा चंद्रभान गांव में लाकर फेंक दिया गया।
कहां गए भूमि बैनामे के रुपये
पुलिस एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस बात का खुलासा नहीं कर पाई कि अजय ने जो प्रापर्टी बेची थी, वे रुपये कहां गए। अजय मिश्र इधर-उधर से अपने मित्रों से रुपये मांग कर खर्च चलाता था। ऐसे में पुलिस को शक है कि रुपये कहां गए। लंबे समय से अजय सुरक्षा की गुहार लगा रहा था, किससे उसे जान का खतरा था। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को कुछ अज्ञात आरोपी के बारे में जानकारी दी है। पूरे मामले की जद में अजय की बेशकीमती भूमि है। इसके लालच में हत्या करने का शक है।