उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर क्षेत्र के गांव देवरास में एक शराबी पति ने महज अंडा बनाने से मना करने पर गुरुवार सुबह पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आरोपी के पिता की लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली है। पति के खिलाफ मृतका के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव देवरास निवासी मंगेश (30) गुरुवार सुबह लगभग 11:30 बजे घरेलू काम निपटा रही थी, तभी पति नवनीत शराब के नशे में अंडा लेकर घर पहुंचा और पत्नी से सब्जी बनाने को कहा। पत्नी ने गुरुवार का दिन होने के कारण अंडा बनाने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। पति ने कहा कि वह खुद सब्जी बना लेगा लेकिन पत्नी ने कहा कि आज के दिन वह यह सब्जी नहीं बनने देगी।
इस पर पति का गुस्सा और बढ़ गया। पति का गुस्सा देखकर मंगेश थोड़ा शांत हो गई और सब्जी के लिए सिलबट्टा पर मसाला पीसने लगी। इतने में पीछे से नवनीत अपने पिता भूरे की लाइसेंसी बंदूक लाया और पत्नी के ऊपर फायर कर दिया। गोली मंगेश को पीठ में लगने के बाद पार हो गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पति बंदूक वहीं छोड़कर भाग गया। घटना के समय परिवार के अन्य लोग घर से बाहर थे।
जानकारी मिलने पर एसपी डॉ. एस. चन्नप्पा, एएसपी दिनेश त्रिपाठी और सीओ सदर बलदेव सिंह खनेड़ा ने मौका-ए-वारदात का मुआयना कर मामले की जानकारी ली। मौके से फॉरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लिए। मृतका के भाई लखीमपुर खीरी के कस्बा मोहम्मदी गुलौली रोड निवासी आनन्द शुक्ला ने दर्ज कराई है।
एएसपी (सिटी) दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि शराब के नशे में नवनीत ने पत्नी से झगड़ा होने पर पिता की लाइसेंसी बंदूक से उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बंदूक को भी कब्जे में ले लिया गया है।