घटना की जानकारी देते मृतक के परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। शहर के पुरानी बाजार में बिजली के केबल बॉक्स में उतरे करंट से फेरी लगाने वाले युवक की मौत हो गई। बचाने में दूसरा दुकानदार झुलस गया। बारिश होने के कारण अन्य लोग बचाने का साहस नहीं जुटा सका।
शहर के जगदीशगंज निवासी विष्णु गुप्ता (35) उर्फ पप्पू प्रतिदिन की तरह साइकिल से ब्रेड, बिस्कुट व टाफी की फेरी करता था। बृहस्पतिवार की रात वह पुरानी बाजार की गली किनारे के अंडे की दुकान में पहुंचा। बारिश के कारण उसकी साइकिल लड़खड़ा गई जिससे वह नजदीक लगे बिजली के केबल बाक्स से टकरा गया। क रंट लगने से झटपटाने लगा। तभी दुकानदार लक्ष्मणपुरी निवासी मुन्नालाल वर्मा ने बचाने की कोशिश की तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। बारिश व करंट के कारण कोई बचाने के लिए साहस नहीं जुटा सका। स्थानीय लोगों के कहने पर एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति बंद हुई तो लोगों ने विष्णु व मुन्ना को प्राइवेट चिकित्सालय में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी ने विष्णु को जिला अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक विष्णु ने एक साल पूर्व अपनी बहन की शादी की और छोटे भाई को पढ़ाई करा रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। शाम को मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। उधर मुन्ना की हालत स्थिर है।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, आक्रोश
चित्रकूट। मृतक के भाई महेश गुप्ता उर्फ छोटू ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया कि अंडरग्राउंड विद्युत लाइन के बाक्स में तीन-चार दिन से करंट दौड़ रहा था। जिसकी सूचना मोहल्ले वालों ने विभाग को दी थी। मृतक के भाई का कहना है कि अगर विद्युत विभाग सचेत हो जाता तो भाई की मौत न होती। मृतक दो भाई व तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। उधर इस घटना के बाद लक्ष्मणपुरी मोहल्ले के स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के प्रति गहरा आक्रोश है। इस संबंध में विद्युत विभाग के एक्सईएन रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मामले की जांच करा रहे हैं। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उस बाक्स में करंट को हटाने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित परिजनों को विभागीय मदद दी जाएगी।
विष्णु गुप्ता- फाइल फोटो। संवाद- फोटो : CHITRAKOOT