मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के पूरबपताई गांव में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका का पति महोबा के पूर्व विधायक अरिमर्दन सिंह का वाहन चालक है।
प्रयागराज जिले के पड़ा प्रतापपुर निवासी बबलू ने बताया कि उसकी बहन बबली (26) का विवाह सात साल पूर्व पूरबपताई मऊ निवासी राम अभिलाष से हुआ था। शादी के बाद से ही उसे दहेज की खातिर ससुराल के लोग परेशान करने लगे। आरोप है कि एक बार वह इसी शिकायत पर बहन के घर आया था तो उसे भी ससुरालियों ने मारा पीटा था।
रविवार की सुबह बहन की मौत की सूचना पर पूरबपताई स्थित घर पहुंचा तो उसका शव कमरे की फर्श पर पड़ा था। ससुरालियों ने खुदकुशी की बात कही है। मृतका की छह साल की बेटी है। घटना के समय पति महोबा में था।
रविवार की शाम को वह गांव पहुंचा है। थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह खुदकुशी है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद इसकी सही जानकारी होगी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा गया है।