राजापुर/भरतकूप (चित्रकूट)। जिले के कई स्थानों पर तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पांच लोग झुलस गए है। बिजली की चपेट में आने से डेढ़ दर्जन मवेशी भी मरे हैं।
भरतकूप थाना क्षेत्र के भैसौंधा गांव के मजरा खरैहन पुरवा के किसान कैलाश (45) खेत में मवेशी चरा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे बिजली गिरने से झुलस गया। परिजन जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पांच पुत्री, दो पुत्र, पत्नी सुमत देवी हैं। राजापुर थाना अंतर्गत बरद्वारा गांव में बिजली गिरने से धर्मेंद्र प्रजापति (12) पुत्र शिव बहादुर झुलस गया कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। रामऔतार (30) की भी करंट लगने से मौत हो गई। जबकि जहरी पत्नी केशव, अंगनू, मइयादीन के झुलसने पर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा तिरहार क्षेत्र के बिहरवा गांव में बिजली की चपेट में आने से रामसजीवन (8) पुत्र हरि विलास झुलस गए हैं। एसडीएम ने मृतकों व झुलसे लोगों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
इसी प्रकार बिजली की चपेट में आने से रामसजीवन की तीन बकरियां, बक्टा खुद गांव के अमवा आश्रयगृह के तीन गोवंश मर गए। ग्राम पंचायत औदहा में रामऔतार के दो बकरे, दो बकरियों मरे हैं।