चित्रकूट। वाराणसी से लौटे डॉक्टर की बीमार पत्नी का पर्स स्टेशन के बाहर टेंपो चालक छीन ले गया। शोर मचान पर कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। पर्स में 20 हजार रुपये और अन्य सामान था। डॉक्टर ने कोतवाली में शिकायत कर दी है।
सीतापुर निवासी डॉ. देवेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि पत्नी हीरामनी गंभीर रोग से पीड़ित हैं। वाराणसी में उनका इलाज चल रहा है। शुक्रवार देर रात पत्नी और बेटे किरीट के साथ डॉ. देवेंद्र बुंदेलखंड एक्सप्रेस से बनाकर से लौटे थे। चित्रकूट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर गेट से बाहर निकले। एक चालक टेंपो लेकर आया और सीतापुर चलने की बात कही।
टेंपो में चालक के साथ एक अन्य युवक भी था। हीरामनी टेंपो में बैठने लगीं तभी युवक ने उसका पर्स छीन लिया और चालक टेंपो लेकर भागा। दंपती चिल्लाए लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। दूसरे टेंपो वालों की मदद से चालक की पहचान कर कोतवाली जाकर शिकायत की। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामला जानकारी मेें नहीं है, जानकारी कर आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।