चित्रकूट। बेड़ी पुलिया में हिंदू महाकुंभ की तैयारियां चल रहीं हैं। कार्यक्रम आयोजक आचार्य रामचंद्र दास की रविवार को आरएसएस के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा व आने वाले अतिथियों को लेकर सूची तैयार की गई है। सभी को जिम्मेदारी का बंटवारा भी किया गया है।
तीर्थक्षेत्र में जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विवि के पास आयोजन स्थल पर दिनरात काम चल रहा है। मुख्य अतिथि के रूप में संघ प्रमुख मोहन भागवत इसमें शामिल होंगे। अध्यक्षता जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी करेंगे। तीन दिवसीय आयोजन के तहत मुख्य कार्यक्त्रस्म 15 दिसंबर को होना है। इसमें कलाकार आशुतोष राणा, मालिनी अवस्थी, कवि डा. कुमार विश्वास, गीतकार मनोज मुंतसिर व भाजपा नेता मनोज तिवारी आदि आएंगे। रविवार को प्रांत प्रचारक श्रीराम, महाकौशल प्रांत के सह प्रचारक उत्तम बनर्जी, सांसद आरके सिंह पटेल, मानिकपुर विधायक आनंद शुक्ला, कटनी विधायक संजय पाठक ने जगद्गुरु से आशीर्वाद लिया और हर संभव सहयोग का वचन दिया।
प्रांत प्रचारक श्री राम ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन इतिहास में कभी कभी होते हैं। सह प्रांत प्रचारक उत्तम बनर्जी ने इस पवित्र आयोजन को श्री राम की संकल्प भूमि पर यज्ञ के समान बताया। इस मौके पर महंत दिव्यजीवन दास, महंत मोहितदास, रामजी दास, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष बद्री विशाल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।