चित्रकूट। घरेलू विवाद में होटल के सफाई कर्मचारी ने हाथ की नस काटने के बाद जहर खा लिया। जब साथियों को जानकारी हुई तो आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पत्नी से विवाद होने की बात कही है। होटल के सीसीटीवी फुटेज में भी पता चला है कि नस काटने के बाद युवक ने जहर खाया था।
जिले की सीमा से सटे मप्र के नयागांव थाना क्षेत्र के प्रमोद वन निवासी कुलदीप (25) सीतापुर स्थित होटल में सफाई का कार्य करता था। लोगों ने बताया कि फोन पर बातचीत में पत्नी रजनी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इससे क्षुब्ध होकर कुलदीप ने होटल के अंदर ही हाथ की नस काटकर जहर खा लिया। यह देख वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। होटल मालिक को सूचना देकर उसको जिला अस्पताल लाए। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि कुछ माह से पत्नी रजनी मायका रैनबसेरा के पास रहती है। आरोप लगाया कि किसी दूसरे युवक से प्रेम संबंध होने के चलते आए दिन विवाद होता था। घटना की सूचना पर चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। युवक की दो पुत्रियां हैं। चौकी प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।