पहाड़ी (चित्रकूट)। ब्लाक क्षेत्र के कुछ ग्राम पंचायतों में पूर्व में कराए गए कार्यों के दोबारा टेंडर निकालने के मामले में ब्लाक प्रमुख की कड़ी नाराजगी जताई है। बीडीओ ने टेंडर निरस्त कर ग्राम विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
पहाड़ी विकासखंड के कई ग्राम पंचायतों में ऐसे कार्य के लिए निविदाएं जारी कर दी गई जो पूर्व में कराए जा चुके हैं। इसकी कई बार शिकायतें हुई। जिसे संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पहाड़ी ब्लाक प्रमुख सुशील द्विवेदी ने भी नाराजगी जताई है। बीडीओ धनंज्जय सिंह ने ग्राम विकास अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। इसके अलावा महुआ गांव, औदहा, प्रसिद्धपुर, सिकरी सानी, अरछा बरेठी सहित कई ग्राम प्रधान, रोजगार सेवकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।