फोटो-4=बैठक में निर्देश देते डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। पुलिस और प्रशासन ने मूर्ति विसर्जन और किसान आंदोलन को शांतिपूर्ण निपटाने के लिए अधिकारियों के साथ चर्चा की। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की क्षेत्रों में टीम गठित कर तैनात कर दी गई है।
आपस में सामंजस्य बनाकर आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराएं। अधिशासी अभियंता विद्युत सायं छह से सुबह सात बजे तक निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करें। किसी भी नदी में मूर्तियों का विसर्जन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि 15 अक्तूबर को किसानों द्वारा आंदोलन की संभावना व 18 अक्तूबर को रेलवे स्टेशन पर भी आंदोलन को लेकर अभी से ही किसानों से संवाद कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने कहा कि पूजा समितियों के लोगों से विसर्जन के लिए लिखित रूप से लें कि अगर कोई समस्या होती है तो वह जिम्मेदार होंगे। इसके लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा थानाध्यक्ष वीडियोग्राफी अवश्य कराएं।
अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार राय ने कहा कि कोई भी अधिकारी, कर्मचारी मोबाइल स्विच ऑफ नहीं करेंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक वंदना श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी कर्वी पूजा यादव, मऊ नवदीप शुक्ला, मानिकपुर प्रमेश श्रीवास्तव, राजापुर राजीव कुमार राय, अपर उप जिलाधिकारी राजबहादुर, संगम लाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शीतला प्रसाद पांडेय, मऊ सुबोध गौतम सहित संबंधित अधिकारी तथा नवदुर्गा पूजा समिति के राहुल गुप्ता, श्याम गुप्ता, अंकित पहरिया आदि मौजूद रहे।