चित्रकूट धाम कर्वी रेलवे स्टेशन से आरोग्यधाम, सतना जाने के दौरान हाईवे पर अन्ना मवेशियों के कारण संघ प्रमुख का काफिला दो बार रुका। मंगलवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत जैसे ही रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें अपने घेरे में ले लिया।
विशेष सुरक्षा कमांडो के साथ वह करीब एक दर्जन वाहनों के काफिले के साथ आरोग्यधाम की ओर रवाना हुए। जैसे ही काफिला शहर के बस स्टैंड के पास पहुंचा तो अन्ना मवेशी सड़क पर आ गए। इससे काफिला रुक गया। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर मवेशियों को हटाया।
इसके बाद सीतापुर के आगे जैसे ही प्रमोदवन के पास पहुंचे तो फिर अन्ना मवेशी के सड़क पर आने से काफिले को रोकना पड़ा। संघ प्रमुख के आठ दिवसीय चित्रकूट प्रवास के मद्देनजर यूपी और एमपी के अधिकारी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
जिस वाहन से संघ प्रमुख को स्टेशन से आरोग्यधाम तक जाना था उसकी बम निरोधक दस्ते व डॉग स्क्वॉड टीम ने जांच की। संघ प्रमुख दिन भर सुरक्षाकर्मियों के घेरे में रहे। आरोग्य धाम परिसर पुलिस छावनी में बदल गया है। चिंतन बैठक स्थल के चारों ओर पुलिस का कड़ा पहरा रहा।