चित्रकूट। शिवरामपुर पुलिस चौकी से चंद कदम दूर स्थित पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने सेल्समैनों को बंधक बनाकर मारपीट कर लगभग 66 हजार रुपये लूट ले गए। पुलिस ने संदेह के आधार पर चार युवकों का पकड़ा है। अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पेट्रोल पंप में सीसीटीवी कैमरा न लगा होने से बदमाशों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
हाईवे किनारे स्थित श्रीराम जानकी फिलिंग स्टेशन के प्रमुख महेश अग्रवाल ने बताया कि रविवार की रात को ड्यूटी पर दो सेल्समैन मनमोहन तिवारी और अरविंद द्विवेदी थे। सेल्समैन अरविंद ने बताया कि रात दस बजे के बाद दो युवकों ने बाइक में 590 रुपये का पेट्रोल भराया। दो अन्य युवक पैदल आए और केबिन में घुस गए। अरविंद के अनुसार, वह केबिन की ओर जाने लगा तो दोनों बाइक सवारों ने अंधेरे में ले जाकर बंधक बना दिया। इसके बाद केबिन में मौजूद सेल्समैन मनमोहन को मारपीट कर बाक्स में रखे 66 हजार रुपये लूटकर बाइक लेकर भाग निकले। इसके बाद मनमोहन बाहर आया तो उसने पिछवाड़े आकर उसे सुरक्षित बाहर लाया।
सूचना पर शिवरामपुर चौकी प्रभारी राकेश मौर्य मौके पर पहुंचे और चार संदिग्धों का पकड़कर पूछताछ करने की बात कही है। इस पंप में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। यह पंप अभी डेढ़ माह पूर्व ही खुला है। मालिक ने बताया कि कैमरे लगाने का ठेका दिया गया है, 31 मई को ठेकेदार को कैमरे लगाने आना था।