मनका छितैनी गांव की गोशाला का टूटा टीनशेड। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
मऊ (चित्रकूट)। गोशाला निर्माण में धांधली का आरोप लगा ग्राम प्रधान नें डीएम से मामले की जांच कराने की मांग की है। सात लाख के काम के बदले 19 लाख रुपये का भुगतान करा लिया।
ब्लाक क्षेत्र के मनका छितैनी गांव के प्रधान सुनील कुमार ने जिलाधिकारी को लिखे पत्र में बताया कि गांव से तीन किमी दूर मनरेगा से गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें बाउंड्रीवाल, टिन शेड, इंटरलॉकिंग व भूसाघर का निर्माण किया गया है। सारे काम अधूरे और मानक विहीन हैं। ज्यादातर बाउंड्रीवाल, टीन शेड व गेट टूटे पड़े हैं। प्रधान ने आरोप है कि सात लाख के काम का भुगतान 19 लाख रुपये निकाल लिया है। निर्माण के लिए प्रस्तावित इस्टीमेेट तक प्रधान को नहीं दिखाया गया और न स्वीकृति ली गई। गोशाला निर्माण स्थल तक पहुंचने का मार्ग भी नहीं है।
गड़बड़ी है तो होगी दोबारा जांच
मऊ। बीडीओ आशाराम सिंह ने बताया कि मौके पर जाकर हर बिंदू पर जांच कराई जा रही है। इसकी तकनीकी जांच भी होगी। गोशाला का निर्माण शासन की मंशानुरूप हो रहा है। भुगतान की भी जानकारी की जा रही है।