चित्रकूट। कर्वी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम काड़ीखेड़ा निवासी उर्मिला पत्नी बदलूराम ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसके घर के सामने नाला है। आरोप लगाया कि गांव का दबंग नाले में ईंट-पत्थर व
खेत का कचरा डालकर पाट देता है, जिससे गंदा पानी उसके घर के सामने जमा हो जाता है। सोमवार सुबह ऐसा करने से मना करने पर दबंग व उसके परिजन घर आए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। उसके बाल
पकड़कर जमीन पर पटक दिया। उसके पति ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी जमकर मारापीटा और सिर में पत्थर मार दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गए। थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी पर घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
पीड़ित ने एसपी को सौंपे पत्र में मांग की है कि हमलावरों के विरुद्ध घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई कराकर इंसाफ दिलाया जाए। (संवाद)