चित्रकूट। फेसबुक पर भाजपा जिलाध्यक्ष और भाजयुमो जिलाध्यक्ष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर एक युवक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी युवक भी खुद को भाजपाई होने का दावा करता है। आरोप है कि भाजपा के इन दोनों पदाधिकारियों ने मोटी रकम लेकर सपा नेता को अपने दल में शामिल कर उसे पद भी दिया है।
कई दिनों से फेसबुक पर बरवारा गांव निवासी रोहित पटेल ने अपनी आईडी पर एक सपा नेता रहे युवक की फोटो अटैच कर दावा किया कि भाजपा जिलाध्यक्ष और भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने उसे पार्टी में शामिल कराया और मोटी रकम लेकर उसे पद भी दिया है। इसके अलावा कई और आरोप लगाए। इसके बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष विकास उर्फ हीरो मिश्रा ने रोहित पटेल के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष समेत उन पर लगे आरोप गलत हैं और यह भी बताया कि आरोपी भाजपा का कार्यकर्ता नहीं है। कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में बरवारा गांव निवासी रोहित के खिलाफ आईटीएक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।