चित्रकूट । आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तीन साल पूरे होने पर गुरुवार को टाउन हाल में आयुष्मान भारत दिवस का आयोजन किया गया। इसमें योजना के बारे में लोगों को विस्तार से बताया गया। साथ ही तीन लाभार्थियों और चार चिकित्सकों और चार आरोग्य मित्रों को सम्मानित किया गया।
योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश कुमार आजाद, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान बताया गया कि अभी तक जिले में 95013 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। 2948 लोगों का इलाज कराया जा चुका है। इस योजना के तीन लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड देकर सम्मानित किया गया।
उधर, आयुष्मान भारत योजना के तहत संबद्ध जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कुमार और आरोग्य मित्र उमाशंकर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार रामनगर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.शैलेंद्र सिंह व आरोग्य मित्र रोहित, पहाड़ी के प्रभारी चिकित्साधिकारी विपिन कुमार सिंह और आरोग्य मित्र सुनील जायसवाल, शिवरामपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.एलएस गर्ग व संयुक्त जिला अस्पताल के आरोग्य मित्र राहुल निषाद को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डॉ.आरपी जायसवाल, दीपक गौतम, अवधेश कुमार मौजूद रहे।