चित्रकूट। संदिग्ध हालात में शिक्षक के पुत्र की मौत हो गई। उसका शव कमरे में पड़ा मिला, जहां आधा धड़ बिस्तर से नीचे और पास ही देसी शराब की बोतल पड़ी मिली। मृतक के मुंह से खून भी निकल रहा था। पुलिस ने शराब की बोतल, मोबाइल व अन्य सामग्री बरामद कर जांच के लिए भेजी है। पिता ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की जांच कराने की मांग की है।
सदर कोतवाली कर्वी क्षेत्र के अहिरनपुरवा मुलायम नगर निवासी अर्जुन सिंह यादव ने बताया कि उसका बेटा ओम प्रकाश यादव (30) घर के पास ही परचून की दुकान किए था। इसके अलावा ट्यूशन भी पढ़ाता था। ओमप्रकाश शराब भी पीता था। बहू विमला टेट परीक्षा देने के लिए सतना गई हुई है। बुधवार रात पुत्र खाने के बाद कमरे में चला गया था। गुरुवार सुबह जब देर तक वह नहीं जगा तो मां कमला देवी कमरे में गई तो उसका आधा धड़ बेड़ के नीचे पड़ा था, पास ही देशी शराब की बोतल पड़ी थी। मुंह से खून निकल रहा था। यह देख उनकी चीख निकल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शराब की बोतल और मोबाइल कब्जे में लिया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के एक बेटा है। मृतक के पिता ने शराब में मिलावट होने की आशंका जताकर मामले की जांच कराने की मांग की है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने कहा कि कुछ खाने से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा जा रहा है।
फोटो-2- पुत्र की मौत के बाद गमगीन शिक्षक पिता को सांत्वना देते अन्य शिक्षक। संवाद- फोटो : CHITRAKOOT