चित्रकूट। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी ने कहा है कि कोरोना संक्रमण से अपनों को बचाने के लिए सभी लोग टीकाकरण अवश्य कराएं। आपका यह कदम स्वयं, परिवार, मोहल्ला व जनपदवासियों को संक्रमण से बचाने में लाभकारी होगा।
सीएमओ अपने कार्यालय में विभागीय अधिकारियों व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चित्रकूट सहित सभी जिलों में विधानसभा चुनाव के दौरान बाहर रह रहे लोगों के आने की संभावना बढ़ गई है। दूसरी ओर कोरोना व नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। संक्रमण से बचाव का एकमात्र उपाय टीकाकरण है। किशोर-किशोरियों का भी टीकाकरण प्रारंभ हो चुका है।
60 वर्ष की आयु पार कर चुके ऐसे बुजुर्ग जिनका दूसरा टीका लगने के नौ माह पूरे हो चुके हैं, वह यथाशीघ्र एहतियाती टीका अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में टीकाकरण से शेष रह गए लोगों की सूची पंचायत सचिव को दी गई है। पंचायत सचिव और प्रधान बचे हुए लोगों का टीकाकरण कराने में सहयोग करें।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. मुकेश पहाड़ी ने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 91.77 प्रतिशत लोगों को एक और 52.27 प्रतिशत को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। इसके साथ 15 प्लस आयु वर्ग के 30.47 प्रतिशत को पहली खुराक दे दी गई है। अब तक 159 लोगों को एहतियाती खुराक दी गई है।