पेट्रोलपंप पर मौजूद सिपाही सुरेंद्र सिंह। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। पुलिस वाहन में डीजल भराने के दौरान सिपाही व होमगार्ड में हाथापाई व मारपीट हो गई। पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। सीओ सिटी व कोतवाल ने मामले की जांच की और सिपाही व होमगार्ड से बयान दर्ज किए है। होमगार्ड ने सिपाही पर मानक से कम डीजल भराने का आरोप लगाया है।
सोमवार को बहिलपुरवा थाना क्षेत्र से संबद्ध यूपी 112 वाहन लेकर सिपाही सुरेंद्र सिंह पुलिस लाइंस के पास स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल भराने पहुंचा। उसी समय इसी वाहन में ड्यूटीरत होमगार्ड ओमप्रकाश तिवारी अपनी बाइक में पेट्रोल भराने आया था। होमगार्ड ने आरोप लगाया कि डीजल की पर्ची के मुताबिक डीजल वाहन में न डलवाकर सिपाही 10-12 लीटर की चोरी कर रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। जिसका कुछ वहां मौजूद लोगों व होमगार्ड ने वीडियो भी बनाया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों चले गये। घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले का वीडियो वायरल हुआ। जानकारी पर पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय व कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी फुटेज खंगाला। इसके बाद घायल होमगार्ड से अस्पताल में बयान लिया।
सीओ सिटी ने बताया कि होमगार्ड पहले से योजनाबद्ध तरीके से वहां मौजूद था। ड्यूटी स्थल पर नहीं था। जैसे ही सिपाही वाहन लेकर पहुंचा तो दोनों के बीच कहासुनी हुई। मारपीट भी हुई है। पूरी रिपोर्ट एसपी कार्यालय भेजी जाएगी। डीजल चोरी की शिकायत होमगार्ड को पहले अधिकारियों से करनी चाहिए। संभावना है कि दोनों को ड्यूटी से हटाया जाएगा।
घटना की जानकारी देता घायल होमगार्ड ओमप्रकाश। संवाद- फोटो : CHITRAKOOT
- पेट्रोलपंप पर सिपाही सुरेंद्र सिंह व होमगार्ड ओमप्रकाश के बीच होती मारपीट। संवाद- फोटो : CHITRAKOOT