चित्रकूट। प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक के बाद लौटते समय हादसे में बाइक सवार जिला समन्वयक की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे ईयर फोन की लीड लगाए थे। सिर और सीने में चोट लगने से मौत हुई।
बिहार प्रांत के विष्णुपद घुंघडीताल के पियूषराज (23) विकास भवन में नीति आयोग के जिला समन्वयक पद पर कार्यरत थे। शनिवार को प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में थी। यहां शामिल होने के बाद चित्रकूट जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी मौत हो गई। सूचना पर मुख्य विकास अधिकारी, डीडीओ, डीसी मनरेगा, पीडी आदि जिला अस्पताल पहुंचे। रविवार को पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।