चित्रकूट। मानिकपुर के गौरिया गांव के लोगों ने आवास व कृषि भूमि का पट्टा आवंटन में पक्षपात व मनमानी करने के आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर ग्रामीणों ने प्रधान पर चहेतों को पट्टा आवंटन कराने के आरोप लगाए हैं।
मंगलवार को गौरिया गांव निवासी संतोष सिंह, बालकुमार, कालीचरण, छोटू सिंह, रामनाथ, गोविंद, श्यामा देवी, लक्ष्मनिया, चुनकी, गुड़िया देवी आदि ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों गांव में आवश्यकता वाले परिवार को पट्टे कराए जा रहे हैं। वह सब इस योजना के पात्र हैं लेकिन उनके नाम सूची में नहीं हैं। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान व पट्टा वितरण करने वाले कर्मचारियों की सांठगांठ के चलते अपात्रों व चहेतों को आवंटन किया जा रहा है।
कुछ दिव्यांग ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें गांव के बाहर पहाड़ के पास पट्टा आवंटित किया गया है। इसका विरोध करने पर पट्टा रद्द करने की धमकी दी गई है। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर सूची की जांच कराने की मांग की है। पात्रों को आवास का पट्टा दिलाने की मांग की है।
पट्टा दिलाने की मांग, सौंपा ज्ञापन
चित्रकूट। सदर विकास खंड के वनकट गांव के लोगों ने जमीन का पट्टा दिलाने की मांग की। तहसील परिसर में प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी पूजा यादव को ज्ञापन सौंपा।
जिला पंचायत सदस्य माया देवी ने कहा कि कई परिवार सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रहते हैं। उनसे जगह खाली करने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने आवास के लिए पट्टा की मांग की। इस मौके पर बाबूलाल, कल्यान, नूरजहां, कुरैशी खातून, मौनीशाह, उषा, माया देवी, रानी आदि मौजूद रहे। (संवाद)