मानिकपुर(चित्रकूट)। घर से निकले एमएससी के छात्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से हड़कंप मच गया। जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या आत्महत्या प्रतीत होती है पर परिजनों का कहना है कि रेल पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है।
रीवा (एमपी) के भगवानपुर त्योंथर गांव निवासी शिव सिंह (23) पुत्र नीरज सिंह सोमवार शाम घर से बुलेट से शंकरगढ़ गया था पर देर रात तक घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह जीआरपी ने शंकरगढ़ आउटर के पास रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा होने की जानकारी परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। शिव सिंह परिवार में इकलौता था और एमएससी की पढ़ाई कर रहा था। बेटे की मौत से मां अनुपमा का रो रोकर बुरा हाल है। पिता छिंदवाड़ा में ठेकेदारी करते हैं।
पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने बताया कि छात्र की बुलेट रेल पटरी के दूसरी तरफ पड़ी मिली है। जिससे अनुमान है कि पटरी पार करते समय किसी तरह गिरने पर ट्रेन की चपेट में आया होगा। वहीं जीआरपी थानाध्यक्ष दिलीप मिश्रा ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। फिर भी जांच पड़ताल की जा रही है।