पहाड़ी (चित्रकूट)। कर्वी-राजापुर मुख्य मार्ग की हालत बदहाल है।
पहाड़ी कस्बे में करीब दो किलोमीटर तक सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, हालांकि इन गड्ढों को भरने के लिए नेशनल हाईवे विभाग ने गिट्टी और डस्ट डलवाई, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही से वह पूरी सड़क पर फैल गई। इससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है।
पहाड़ी कस्बे के स्थानीय निवासी शिवमंगल, अंकित व तेजप्रताप ने बताया कि सड़क पर फैली गिट्टी के कारण आए दिन बाइक सवार गिरते रहते हैं। रात में परेशानी और बढ़ जाती है। वहीं भारी वाहन निकलते ही धूल का गुबार उठता है। पैदल राहगीरों और दुकानदारों को भी धूल से परेशानी हो रही है।
यह मार्ग आसपास के जिलों फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, सुल्तानपुर और अयोध्या को सीधे जोड़ता है। चित्रकूट धर्मनगरी होने की वजह से बड़ी में श्रद्धालु इस रास्ते से आते हैं। ऐसे में राजापुर-पहाड़ी-कर्वी मार्ग की स्थिति सुधारना जरूरी है।
वर्जन
एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत की गई है, जल्द ही सड़क ठीक कराई जाएगी।- अजय कुमार यादव, एसडीएम, कर्वी।