चित्रकूट में महर्षि वाल्मीकि को लेकर मशहूर शायर मुनव्वर राणा द्वारा की गई टिप्पणी पर धर्मनगरी के संतों ने आक्रोश व्यक्त किया है। संतों ने इस मामले में बैठक कर मुनव्वर राणा के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
बृहस्पतिवार को मुख्यालय स्थित बजरंग आश्रम में महर्षि वाल्मीकि आश्रम के महंत भरतदास, महंत रामजन्म दास, महंत वरुणप्रपन्नाचार्य, महंत मोहित दास व महंत महेन्द्र दास ने कहा कि धर्म नगरी चित्रकूट में हिन्दू धर्म को मानने वाले संत धर्म सेवा कार्य करते हैं।
कुछ दिन पूर्व शायर मुनव्वर राणा ने महर्षि वाल्मीकि पर गलत टिप्पणी की है। एक टीवी शो में मुनव्वर राणा द्वारा दिए गए वक्तव्य से पूरे संत समाज व हिंदूधर्मावलंबियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। ऐसे में इस मामले में मुनव्वर राणा के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कराई जाए। इस संबध में अपर एसपी शैलेंद्र राय को ज्ञापन देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।