फोटो-1- सर्वेश कुमार- फाइल फोटो
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। मऊ थाना क्षेत्र के बरिया गांव में घर के बाहर खड़े बच्चे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार की बोनट में फंसा बच्चा लगभग 200 मीटर तक घिसटता चला गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बरिया गांव निवासी धर्मराज का पुत्र सर्वेश (08) रविवार की शाम को अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी बीच राजापुर की ओर से तेज रफ्तार आई कार ने बालक को अपनी चपेट में ले लिया। कार की बोनट में फंसकर बालक को लगभग 200 मीटर तक घिसटता चला गया। यह दृश्य देख गांव के लोगों ने शोर मचाया। कुछ ग्रामीणों ने कार का पीछा कर उसे पकड़ लिया।
लहूलुहान बालक को ग्रामीण सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कार में छत्तीसगढ़ के कई साधु-संत सवार थे। ग्रामीणों ने चालक व साधु-संतों को उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। वह कक्षा तीन का छात्र था। परिजनों का इस घटना के बाद रो रोकर बुरा हाल है। उसके बड़ा भाई की तीन साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी।