चित्रकूट। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में गोशाला में गोवंशो के रखरखाव, भरण पोषण व ग्राम पंचायत ऊंचाडीह मानिकपुर में मुख्यमंत्री आवास योजना के निर्माण के संबंध में समीक्षा बैठक की।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 13 पशु चिकित्सालय हैं। 294 गोशालाएं संचालित है। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत के माध्यम से गोवंश को गोशाला में पहुंचाएं। उन्होंने यह भी कहा कि 15 अगस्त तक गोवंश गोशाला में होने चाहिए। चारा, भूसा, पेयजल, छाया की व्यवस्था रहे। अगले सप्ताह बैठक की जाएगी। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण ग्राम ऊंचाडीह के आधारभूत सुविधाओं की कई योजनाओं पर चर्चा की गई। ग्राम ऊचाडीह में 159 आवास बनाए जा रहे है। जिसमें ग्राम प्रधान की भूमिका सराहनीय होगी। ग्राम ऊंचाडीह में बन रहे आवासों में जिलाधिकारी ने कहा कि कॉलोनी में सड़क, नाली का निर्माण, पेयजल की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक शौचालय, जन सुविधाएं, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ओपन जिम, व्यायाम उपकरण, झूला सहित पार्क का निर्माण, सीवर प्रणाली का भी निर्माण होना है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अमित आसेरी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जयदेव सिंह, अपर जिला अधिकारी गणेश प्रसाद सिंह, अपर उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह आदि मौजूद रहे।