चित्रकूट। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा है कि मंदाकिनी नदी में मूर्ति विसर्जन नहीं किया जाएगा। इसे रोकने के लिए प्रशासन की टीम निगरानी करेगी। इसके विकल्प के लिए तालाबों को चिन्ह्ति कर लिया गया है।
गुरुवार को जिलाधिकारी ने रानीपुर भट्ट, कच्ची छावनी, तरौहा, राणन तालाब सोनेपुर व बनकट के तालाब व आस पास के स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन के स्थलों पर साफ. सफाई व प्रकाश के अलावा गोताखोर एवं नाव की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को नदी किनारे या तालाब के किनारे न जाने दिया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, जिससे अप्रिय घटना हो।
एसएसआई नगर पालिका परिषद कर्वी ने बताया कि इन स्थलों पर लगभग 150 मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा इस मौके पर उप जिलाधिकारी कर्वी पूजा यादव, तहसीलदार संजय अग्रहरी, एसएसआई नगर पालिका परिषद केके शुक्ला, लेखपाल गुलजार सिंह आदि मौजूद रहे।