चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम विशेषरपुर में छठ पूजा देखकर लौट रहे एक युवक की बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। जिससे वह गिर गया और बगल के टाटी में लगा बांस उसके पेट में घुस गया। जब तक उसे अस्पताल ले जाते, उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, थाना नौगढ़ के विशेषरपुर निवासी छोटेलाल(22) पुत्र राजनाथ गुरुवार सुबह को गांव में स्कूल के पास बंधी में हो रहे छठ पूजा कार्यक्रम को देखने गया था। सुबह करीब आठ बजे बाइक पर अपनी छोटी भांजी को बैठाकर वापस घर आ रहा था। जब वह गांव के निकट पहुंचा तो बाइक अनियंत्रित हो गई और गिरने के दौरान एक घर के सामने टाटी में लगी बांस की बल्ली उसके पेट में घुस गई।
चीखने की आवाज सुनकर परिजन उसके पास पहुंचे और एंबुलेंस बुलाने से पहले ही उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उसकी भांजी गंभीर रूप से घायल हो गई। इसका इलाज प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे वह बाइक समेत जमीन पर घसीटता हुआ काफी दूर तक चला गया और बांस का डंडा उसकी पेट में घुसता हुआ अंदर जा धंसा।