धानापुर स्थानीय थाना के नेकनामपुर गांव में पोल से टूट कर गिरे तार की चपेट में आने से सोमवार की शाम गांव निवासी निरंजन यादव के दो भैसों की मौत हो गई। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने रामगढ़-हिंगुतरगढ़ मार्ग पर गांव के समीप तिराहे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन लोग नहीं माने।
ग्रामीणों ने कहा कि नेकनामपुर गांव में लगा बिजली का तार वर्षों पुराना और जर्जर हो गया है। इससे वह आए दिन टूट कर गिर जाता है। कई बार इसकी शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को गांव के समीप का बिजली का तार टूट कर जमीन पर गिर गया। इसकी सुचना बिजली उपकेंद्र को दी गई। इससे बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद तार की मरम्मत शुरू की गई। इसी बीच निरंजन यादव अपने भैसों को चराने के लिए निकले। वहीं अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। टूटे तार की चपेट में आने से दोनों भैसों की मौत हो गई। निरंजन यादव ने बताया कि लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस मौके पर ग्राम प्रधान बृजेश यादव, विपिन यादव विक्कू, साहब यादव, विशाल यादव, रमाकांत पांड़ेय रहे।