कंदवा। तलासपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम किसी बीमारी की चपेट में आने से देवेंद्र यादव के दो पशुओं की मौत हो गई। वहीं तीन पशु गंभीर रूप से बीमार हैं। इससे पशु पालक का परिवार व्यथित है।
तलासपुर गांव निवासी देवेंद्र यादव के दो गाय और तीन भैंस सहित पांच पशु शुक्रवार की शाम अज्ञात बीमारी की चपेट में आ गए। घर के लोग पशु चिकित्सक बुला कर इलाज शुरू कराए कि एक एक कर साहीवाल नस्ल की दोनों गायों की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से बीमार तीन भैंसों का इलाज जारी है। तीन दिन पूर्व कंजेहरा गांव में भी अज्ञात बीमारी की चपेट में आने से सूबेदार यादव व प्रसाद यादव की भैंस और कैलाश यादव की गाय की मौत हो गई थी। प्रहृलाद यादव की भैंस का इलाज अभी चल रहा है। अज्ञात बीमारी की चपेट में आकर पशुओं की मौत से तलासपुर और कंजेहरा गांव के पशुपालकों में दहशत है।