पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली के चौरहट गांव के पास रेलवे ट्रैक पर शनिवार की सुबह टॉफी व्यवसायी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। व्यवसायी शुक्रवार की रात घर से निकला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पास्टमार्टम के लिए भेजा है।
चौरहट गांव के लोगों को शनिवार की सुबह टहलते समय रेलवे ट्रैक पर एक युवक शव दिखा। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कागजात के आधार पर मृतक की पहचान जसजीत सिंह (23) निवासी चौरहट के रूप में पहचान की। इसकी सूचना परिवार वालों का दी गई। जसजीत की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। जसजीत टॉफी का थोक व्यवसायी था। वह चंदौली के साथ मिर्जापुर, सोनभद्र आदि जगहों पर दुकानदारों के यहां माल की सप्लाई करता था। तीन भाईयों और एक बहन में जसजीत दूसरे नंबर पर था। जसजीत के पिता की मौत एक वर्ष पहले हो चुकी है। छोटे भाई हरजीत ने बताया कि जसजीत कुछ दिन पहले दांत दर्द की शिकायत पर होने पर इलाज कर आया था। शुक्रवार की रात आठ बजे वह खाकर बाहर निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। उसकी मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई समझ में नहीं आ रहा है। वहीं बेटे की मौत के बाद माता अजित कौर का रो रो कर हाल बेहाल हो गया। इस संबंध में सीओ अनिल राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।