मोहनिया। क्षेत्र के भभुआ रोड पर बनी रेलवे कॉलोनी में स्थित स्टेशन मास्टर के आवास से मंगलवार की देर शाम चोर तीन लाख के गहने व 80 हजार रुपये चुरा कर फरार हो गए। भुक्तभोगी ने बताया कि उसके आवास में चोरों ने चौथी बार घटना को अंजाम दिया है। घटना के समय आवास में कोई नही था। चोरी की सूचना थाने में दे दी गई है।
भभुआ रेलवे स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर दयाशंकर सिंह की पत्नी अमिता सिंह किसी कार्यवश बाजार गई हुई थीं। उनका पुत्र पड़ोस के घर गया हुआ था। इसी बीच घात लगाए चोर पिछले दरवाजे से घर में प्रवेश कर गए और गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। बाजार से लौटने पर अमिता सिंह ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला खोला तो उनके होश उड़ गए। घर में बिखरा सामान देख उन्होंने तत्काल पति को सूचना दी। बताया जाता है कि रेलवे कॉलोनी व स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के खराब होने से पुलिस को घटना की जांच में बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। जांच की जा रही है।