पड़ाव। रामनगर- पड़ाव मार्ग पर सकरी पुलिया आये दिन जाम का कारण बन जा रही है। सोमवार को पड़ाव-रामनगर मार्ग पर भीषण जाम लगा। कड़ी मशक्कत बाद के भी पुलिसकर्मी जाम नहीं छुड़ा पाये। सुबह नौ बजे से लेकर शाम छह बजे तक पड़ाव चौराहा व आसपास के मार्गों पर जाम लगा रहा। इस दौरान जाम में फंसे स्कूली बच्चों से लेकर मरीज व अन्य लोगों को काफी परेशानी हुई।
एशिया की सबसे बड़ी मंडी चंदासी से रोजाना हजारों ट्रकों का आवागमन होता है। पड़ाव-रामनगर मार्ग पर रेलवे लाइन के नीचे बनीं सकरी पुलिया यातायात व्यवस्था के लिए एक मर्ज बन चुकी है। इससे एक बार मेें केवल एक ही ट्रक पार हो सकती है। बावजूद इसके इसके चौड़ीकरण को लेकर आज तक न तो किसी अधिकारी और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने सक्रियता दिखाई। बढ़ती हुई वाहनों की संख्या के कारण इस मार्ग पर आये दिन जाम लग जाता है। मार्ग पर जाम लगने के बाद देखते ही देखते पूरा क्षेत्र जाम से जकड़ जाता है। सोमवार को सुबह नौ बजे से मार्ग पर जाम लगना शुरू हो गया। देखते ही देखते पड़ाव चौराहे से लेकर अन्य मार्ग पूरी तरह जाम में जकड़ गये। इस दौरान जाम में फंसने के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। जाम में स्कूली बसों से लेकर एंबुलेंस और यात्री वाहन फंसे रहे। शाम छह बजे तक पड़ाव चौराहे से लेकर अन्य मार्गों पर जाम लगा रहा।