पीडीडीयू नगर। कुछ दिनों की राहत के बाद मौसम एकबार फिर गर्म हो गया है। सुबह से ही सूरज स मानों आग बरसा रहा है। अब तक 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहने वाला तापमान 40 डिग्री पार कर गया है। गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है। पसीना सूखने का नाम नहीं ले रहा है। भीषण गर्मी में पंखे व कूलर सब बेकार हो रहे हैं। वहीं बिजली कटौती भी लोगों को परेशान कर रही है। मंगलवार को भी तापमान 41 डिग्री पर बना रहा। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन-चार दिनों में तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।
एक सप्ताह पूर्व आए आंधी-पानी से मौसम में बदलाव हो गया था। पुरवा हवा चलने से तापमान भी गिरकर 36-37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इसके बाद मौसम में परिवर्तन हुआ और पछुआ हवा चलने से गर्मी बढ़ने लगी है। ज्येष्ठ माह अपना असर दिखाने लगा है। गर्मी के साथ उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। आलम यह है कि सुबह के सात बजे के बाद से ही गर्मी का प्रकोप बढ़ने लग रहा है। दिन के 10 बजे के बाद लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जा रहा है। सड़क पर खुले में निकलने पर लग रहा है मानों चमड़ी झुलस जाएगी। पंखे व कूलर चलने के बाद भी शरीर से पसीना सूखने का नाम नहीं ले रहा है। अत्यधिक गर्मी का असर लोगों की कार्यक्षमता पर भी पड़ रहा है। सड़कों पर छाया सन्नाटा दिन ढ़लने के बाद ही कम हो रहा है। गर्मी के कारण पेड़-पौधे भी सूखने लगे हैं। पोखरों व गड्ढों का जमा पानी सूखने लगा है। इससे पशु-पक्षियों के सामने पानी की समस्या खड़ी हो गई है।
कोट........
29 मई को जिले का अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 40 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार करते हुए 40.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मंगलवार को तापमान 41 डिग्री पर पहुंच गया। आने वाले तीन-चार दिनों के दौरान मौसम के शुष्क बने रहने व ऊष्मीय विकिरण बढ़ने से अधिकतम तापमान के 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाने की संभावना है। अतुल कुमार सिंह, प्रभारी, राज्य कृषि मौसम केंद्र।