पीडीडीयू नगर। जिले में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को हुए मतदान के बाद मंगलवार को अधिकारी थकान मिटाते रहे। मतदान के बाद सरकारी कार्यालय तो खुले लेकिन कर्मचारियों की संख्या काफी कम रही। वहीं दूसरी तरफ कई कार्यालयों में फरियादी भी नहीं आये।
जिले में विधानसभा चुुनाव के लिए मतदान सोमवार को हुआ । मतदान को सकुशल संपन्न कराये जाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। चुनाव में विभिन्न कार्यों को संपन्न कराने के चक्कर में पिछले 15 दिनों से कई विभाग में अधिकारी कार्यालय नहीं आ पाए।
चुुनावी थकान के चलते मंगलवार को जिलेभर के विभिन्न कार्यालयों में अधिकारी नहीं आये। नगर पालिका कार्यालय में ईओ का दफ्तर बंद रहा। इसके साथ ही टैक्स विभाग में अधिकारी और कर्मचारी नहीं आये। नगर पालिका कार्यालय में सफाई व लेखा विभाग में कर्मचारी कार्य करते नजर आये। वहीं पालिका में फरियादियों के नहीं आने के कारण सन्नाटा पसरा रहा । रविनगर स्थित चंद्रप्रभा प्रखंड कार्यालय में एक्सईएन का कक्ष दोपहर बारह बजे तक बाहर से बंद था। कर्मचारियों के नाम पर मात्र एक चपरासी व कुछ क्लर्क ही मौजूद थे। वहीं पीडब्ल्यूडी व बिजली विभाग के दफ्तरों का भी हाल कुछ ऐसा ही रहा। यहां भी एक्सईएन नहीं पहुंचे थे। इन दफ्तरों में भी फरियादियों की स्थिति नगण्य रही।