नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग (जीटी रोड) पर तीन करोड़ तीस लाख रुपये की लागत से उच्च क्वालिटी की लाइटें लगाई जाएंगी। लाइट लगाये जाने के लिए प्लेटफार्म तैयार किये जा रहे हैं। अलीनगर नहर से लेकर चंदासी स्थित पुलिस पिकेंट तक सड़क किनारे व डिवाइडर पर 330 लाइटें लगेंगी। इन लाइटों के लग जाने से सड़क दूधिया रोशनी से सराबोर हो जाएगी।
नगर स्थित मुख्य मार्ग (जीटी रोड) पर प्रकाश की बेहतरीन व्यवस्था किये जाने के लिए नगर पालिका की ओर लाइटें लगाई जाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत डिवाइडर पर 180 लाइटें लगाई जाएंगी। सभी लाइटें आठ मीटर लंबे पोल पर लगेंगी। लाइटों को अलीनगर नहर के पास से चकिया तिराहे तक और सुभाष पार्क से चंदासी स्थित पुलिस पिकेट तक लगाया जाएगा। डिवाईडर पर लगने वाली लाइटें सड़क के दोनों ओर भरपूर रोशनी देंगी। इसके अलावा सड़क किनारे दक्षिणी पटरी पर 150 लाइटें लगाई जाएंगी। सड़क किनारे लगने वाली लाइटें सुभाष पार्क के आगे से लगना शुरू होंगी और पुलिस चौकी तक लगेंगी। इसमें कुल 63 लाइट लगेंगी। वहीं शेष लाइटें अलीनगर नहर के पास से चकिया तिराहे तक लगेंगी। दो लाइटों के बीच लगभग बीस मीटर की दूरी रहेगी। लाइटें लगाये जाने के लिए सड़क किनारे जगह-जगह प्लेटफार्म भी बनाये जा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि दो माह के भीतर नई लाइटों के लगाये जाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।