स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह बेंगलुरु से दानापुर जा रही पूजा स्पेशल ट्रेन के इंजन में अचानक खराबी आ गई। इससे ट्रेन धीना स्टेशन पर ही करीब चार घंटे खड़ी रही। काफी देर तक ट्रेन के खड़ी रहने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने ट्रेन चलाने की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन मास्टर जितेंद्र प्रसाद ने यात्रियों को इंजन खराब होने की जानकारी देकर शांत किया।
स्टेशन मास्टर ने बताया कि ट्रेन की रवानगी के लिए दो इंजन एक सकलडीहा व दूसरा दरौली से मंगाया गया। दोनों इंजनों से जोड़कर ट्रेन को 8:56 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका। इस दौरान भोर के पांच से सुबह के नौ बजे तक करीब चार घंटे ट्रेन स्थानीय स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं ट्रेन का खराब इंजन धीना स्टेशन पर काफी देर तक मेनलाइन पर खड़ा रहा जिससे अन्य ट्रेनों को डाउन लूप लाइन से भेजा जा रहा था। संवाद