चकिया। नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ दुर्गा नगर में नौगजा शहीद के पास पार्किंग स्थल परिसर में नगर पंचायत द्वारा निर्मित वाचनालय का नाम स्वामी विवेकानंद वाचनालय रखा गया है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक कैलाश खरवार ने नवनिर्मित वाचनालय का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के द्वारा निर्मित वाचनालय का सीधा लाभ नगर के युवाओं समेत छात्र- छात्राओं को मिलेेगा। उन्होंने कहा कि वाचनालय में मौजूद पुस्तकों से उनका ज्ञान बढ़ेगा, जिससे वह समाज तथा देश की सेवा में तत्पर होंगे। इस अवसर पर नगर के कुछ शिक्षकों एवं छात्रों ने वाचनालय के लिए 100 पुस्तकों का दान किया। इस दौरान एसडीएम प्रेम प्रकाश मीणा, अधिशासी अधिकारी मेहीलाल गौतम, भाजपा नेता उमा शंकर सिंह, काशीनाथ सिंह, सभासद अनिल केसरी, राजेश चौहान, राजकुमार गुप्ता, उमेश शर्मा, प्रमोद कुशवाहा, राकेश रोशन, रामसेवक, विद्यार्थी परिषद के सक्षम श्रीवास्तव, लकी जायसवाल, रोहित विश्वकर्मा, पंकज साहिल, अमृता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
सीनियर सिटीजन के लिए भी बनेगा मनोरंजन केंद्र
चकिया। नगर पंचायत द्वारा वार्ड नंबर आठ दुर्गा नगर में पार्किंग स्थल परिसर में निर्मित वाचनालय के उद्घाटन के अवसर पर एसडीएम व नगर प्रशासक प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि परिसर में द्वितीय चरण में वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन केंद्र का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनोरंजन केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के मनोरंजन के लिए संसाधनों के साथ आध्यात्मिक पुस्तकें भी रखीं जाएंगी तथा कक्ष में गोष्ठी आदि करने की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र के बनने से वरिष्ठ नागरिक अपने सामाजिक जीवन का आनंद उठा सकेंगे।