चकिया। स्थानीय ब्लाक संसाधन केंद्र सभागार में बुधवार को शिक्षोन्नयन गोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि कोरोना काल की विषम परिस्थितियों में शिक्षा व्यवस्था पर लगे ग्रहण से शिक्षको का दायित्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने नैतिक एवं शैक्षिक दायित्वों का अच्छी तरह से निर्वहन करें, जिससे ग्रामीण क्षेत्रो की रीढ़ मानी जाने वाली प्राथमिक शिक्षा का स्तर ऊंचा उठ सके। उन्होने कहा कि शिक्षक शासन के दिशा-निर्देशो के अनुरूप कार्य करें तथा बच्चो को गुणवत्ता परक शिक्षा के साथ ही उन्हे नैतिक रूप से मजबूत बनाने में सहयोग करे। उन्होने अभिभावको से भी अपने बच्चे के प्रति दायित्वो को पूरा करने की अपील की। इसके पहले कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राथमिक विद्यालय चकिया की बच्चियों द्वारा सरस्वती वन्दना तथा स्वागत गीत से किया गया। वही दीप प्रज्जवलन के दौरान कम्पोजिट विद्यालय वियासड़ की छात्रा जीयरन संधू ने सरस्वती स्तुति प्रस्तुत की।
वर्ष 2020 में सेवानिवृत्त शिक्षक सुबेदार सिंह कोदोचक, अंसार अहमद अमरा उत्तरी, दिलीप श्रीवास्तव बरौझी, पारसनाथ मौर्य इन्द्रपुरवां उत्तरी, कमल किशोर सिंह सिकन्दरपुर, कृष्ण बिहारी सिंह मुजफ्फरपुर, घुरहू प्रसाद रामपुर कलां तथा वर्ष 2021 में सेवानिवृत्त सुरेन्द्र कुमार सिंह बैरी, मीरा त्रिपाठी इस्माइलपुर, हैदर अली सोता को कार्यक्रम के दौरान अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र तथा धार्मिक चिन्ह एवं गीता भेंटकर भावभीनी विदाई दी गयी। इस अवसर पर खंड शिक्षाधिकारी प्रकाशचन्द्र यादव, पूर्व खण्ड शिक्षाधिकारी दयाराम यादव, चन्द्रशेखर आजाद, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, अजय गुप्ता, इमरान अली, रीता पाण्डेय, नरेन्द्र यादव, कुंवर कलाधर मौजूद रहे। अध्यक्षता सुनील सिंह ने की व संचालन बजरंगी एवं कुंवर कलाधर ने किया।