पीडीडीयू नगर। चंदासी क्षेत्र स्थित कृष्णा नगर कालोनी में लगा 100 केवी का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार की शाम छह बजे के करीब अचानक जल उठा। धू-धूकर जलते ट्रांसफार्मर को देख मोहल्ले के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल बिजली व फायर विभाग को दी। सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर की सप्लाई काट दी। कुछ ही देर में वहां फायर विभाग की गाड़ी भी पहुंच गई और दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। करीब 15 मिनट बाद उन्होंने ट्रांसफार्मर में लगी आग पर काबू कर लिया।
मोहल्ले में लगे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर से करीब 150 घरों में बिजली की आपूर्ति की जाती है। शाम के करीब छह बजे अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। वहीं ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने आसपास के झाड़-झंखाड़ को भी अपनी चपेट में ले लिया। करंट के भय से मोहल्ले के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास नहीं किया। इससे आग फैलने लगी। लोगों बिजली व फायर विभाग को आग लगने की सूचना देकर सहायता मांगी। दोनों विभाग के कर्मचारियों की तत्परता से आग पर काबू कर लिया गया। इस संबंध में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि हीटिंग के कारण ट्रांसफार्मर जला है। मोहल्ले में बिजली आपूर्ति के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था में विभागीय कर्मचारी जुट गए हैं। रात के आठ बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।